अपने बयान से पलटे नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत:अंबिकापुर में कहा-टीएस के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव, कुछ देर बाद बोले-बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया

छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत अंबिकापुर में दिए गए उस बयान से पलट गए, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगला विधानसभा चुनाव टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और हम प्रदेश में सरकार बनाएंगे। बीजेपी ने इस बयान के बहाने भूपेश बघेल पर हमला बोला तो चरणदास महंत ने कहा कि मैंने तो ऐसा नहीं कहा है। मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर पेश करना चाहते हैं। दरअसल, निगम चुनाव के प्रचार में हेलीकाप्टर से अंबिकापुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने मंच से और पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि अगला चुनाव टीएस सिंहदेव की अगुवाई में लड़ेंगे। प्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। हालांकि टीएस सिंहदेव को सीएम बनाने के सवाल पर चरणदास महंत ने कहा था कि उसे छोड़िए। हम सब साथ मिलकर लड़ेंगे। सामूहिक नेतृत्व होगा। महंत का बयान, BJP ने साधा भूपेश पर निशाना चरणदास महंत का बयान सामने आते ही BJP को भूपेश बघेल पर हमला करने का मौका मिल गया। BJP के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, महंत का यह बयान कांग्रेस के भीतर चल रहे सत्ता-संघर्ष और गुटीय घमासान का ही परिचायक है। कांग्रेस की पूरी विचारधारा ही भ्रष्टाचार केंद्रित है। जनता ने इस बात को माना था कि भूपेश बघेल के कार्यकाल में प्रदेश में भयंकर भ्रष्टाचार हुआ, घपले-घोटाले हुए। जनता ने कांग्रेस से किनारा कर लिया तो अब कांग्रेस भी बघेल से किनारा कर रही है। एक तरह से बघेल के नेतृत्व को महंत ने ठुकरा दिया है, जबकि अगले विधानसभा चुनाव में अभी चार साल बचे हैं। BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यही कांग्रेस की विचारधारा है। कांग्रेस के डीएनए में रचा-बसा भ्रष्टाचार कभी खत्म नहीं होगा, चाहे नेतृत्व कांग्रेस में कोई भी करे। कांग्रेस को अपने नित-नए श्एटीएमश् खोलने वाले नेता चाहिए, वह कौन होगा, कांग्रेस को उससे कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस ने भूपेश बघेल को एटीएम बनाया था, अब यूज एंड थ्रो किया। महंत बोले-बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया मनेंद्रगढ़ पहुंचने पर चरणदास महंत से अंबिकापुर में दिए गए बयान और किरणदेव सिंह के बयान को लेकर सवाल किया गया तो महंत ने कहा कि अम्बिकापुर में मैंने तो ऐसा नहीं कहा है, मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर पेश करना चाहते हैं। पूरे प्रदेश में सामूहिक नेतृत्व में चुनाव होगा पहले भी सबका फेस था। अंबिकापुर सिंहदेव का क्षेत्र है उनके क्षेत्र में उनको उत्साहित नहीं करूंगा तो क्या उनको कहूंगा कि उनके नेतृत्व में चुनाव हार गए, इसलिए चुनाव नहीं लड़ाएंगे। महंत ने BJP प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि “भूपेश बघेल को किसने किनारे किया? बयान देने में न किसी को सोचना है, न समझना है। मुंह में माइक आते ही उल्टे-सीधे बयान देने लगते हैं।” भूपेश बोले-महंत घोषणा के लिए अधिकृत नहीं
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने रायपुर में कहा कि चरणदास महंत किसी घोषणा के लिए अधिकृत नहीं हैं। यह हाईकामन करता है। वे वरिष्ठ नेता हैं, दिल्ली में उनकी मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी और वरिष्ठ नेताओं से होती रहती है। ऐसी कोई बात हुई होगी तो जानकारी नहीं है। लेकिन ऐसी घोषणा पार्टी हाईकमान से ही होती है। TS बोले- इसपर विराम लगे महंत के बयान को लेकर कांग्रेस में सियासी बयानबाजी को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि महंत जी के बयान में कोई सच्चाई नहीं है। ऐसे निर्णय पार्टी हाईकमान से आते हैं। उन्होंने जो भी कहा होगा, लोकल स्तर को लेकर कहा होगा। इसपर यहीं विराम लगाना चाहिए, अन्यथा ये बातें दूषित नजरिए से देखें जाएंगे। सिंहदेव को प्रदेशाध्यक्ष बनाने के संकेत विधानसभा चुनाव के बाद से ही टीएस सिंहदेव को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा है। संभवतः महंत के बयान का संकेत भी यही था। निकाय और पंचायत चुनाव के बाद कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव प्रस्तावित है। हालांकि महंत के बयान के बाद किरणदेव सिंह ने निशाना भूपेश पर साधा तो समीकरण बदल गए। 2018 के चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका में थे सिंहदेव वर्ष 2018 के चुनाव में टीएस सिंहदेव कांग्रेस घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष थे। भूपेश सरकार में सिंहदेव और भूपेश के बीच खींचतान किसी से छिपी नहीं है। ढाई-ढाई साल सीएम का मसला चर्चा में रहा। हालांकि टीएस सिंहदेव ने स्वयं पार्टी हाईकमान से मिले आश्वासन को लेकर अब तक स्पष्ट कुछ नहीं कहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *