पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे अपराधियों में कानून का भय पैदा हो और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें। आज मण्डावा पुलिस थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार—चाहे वह नशा हो, जुआ-सट्टा हो या अवैध हथियार—क्षेत्र में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पेंडिंग मामलों की फाइलें जल्द बंद करने और महिला अपराधों पर तत्काल एक्शन लेने की प्राथमिकता तय की। निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में एसपी उपाध्याय ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को दिशा-निर्देश दिए। क्षेत्र के सक्रिय बदमाशों और असामाजिक तत्वों की सूची बनाकर उनके विरुद्ध सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, आर्म्स एक्ट और जुआ-सट्टा चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए। महिला एवं बाल सुरक्षा: महिलाओं और बच्चों से संबंधित संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की देरी न की जाए। पीड़ितों को तुरंत विधिक सहायता और सुरक्षा प्रदान करना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। यातायात प्रबंधन: बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। थाना परिसर और कार्यकुशलता का जायजा एसपी ने थाना परिसर की सघन जांच की। उन्होंने एचएम कार्यालय के रिकॉर्ड, मालखाना में रखे साक्ष्यों की सुरक्षा, हवालात की स्थिति और महिला डेस्क की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा। बैरिक और मैस का निरीक्षण कर जवानों के रहने और खान-पान की सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण अनुशासन और मुस्तैदी बनाए रखने की हिदायत दी। जनसुनवाई: सीएलजी और ग्राम रक्षकों से संवाद निरीक्षण के साथ ही एसपी ने सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों और सुरक्षा सखी सदस्यों की संयुक्त बैठक ली। जनसुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण हेतु एसपी ने थानाधिकारी को मौके पर ही आदेशित किया। डिजिटल दौर में बढ़ती ठगी को रोकने के लिए एसपी ने लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान जितना बेहतर होगा, अपराध पर लगाम उतनी ही जल्दी लगेगी। बैठक के दौरान वृताधिकारी (झुंझुनू ग्रामीण) हरिसिंह धायल और मण्डावा थानाधिकारी रामनारायण चोयल सहित थाने का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


