भास्कर न्यूज | ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए कई निर्देश जारी किए गए। एसपी रतन सिंह ने जिले में हाल ही में बढ़ी चोरी की वारदातों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी थानाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर और ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। पुराने अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच व निगरानी की जाए तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाकर अपराधियों की धरपकड़ की जाए। बैठक में लंबे समय से चल रहे मामलों के शीघ्र निस्तारण, वारंटों की तामीली और गुमशुदा लोगों की तलाश में तेजी लाने की बात कही गई। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति पुलिस को अधिक संवेदनशील रहने और पीडितों को तुरंत न्याय दिलाने की हिदायत दी गई। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें। बैठक में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा सहित जिले के समस्त वृत्तधिकारी, थानाधिकारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित थे। मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों और मुख्य हाईवे पर चेकिंग अभियान को और सघन करने के निर्देश दिए ताकि तस्करी के रास्तों को पूरी तरह बंद किया जा सके। नशे के कारोबार में लिप्त लोगो की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


