सवाई माधोपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में वांछित दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुण्डेरा थाने का हिस्ट्रीशीटर भवानी उर्फ भानू और उसके साथी हिम्मत मीणा को गिरफ्तार किया हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। जिन पर जिला पुलिस ने क्रमशः 5 हजार व 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। रेलवे स्टेशन से अपहरण कर मांगी थी फिरौती कोतवाली थानाधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया कि 16 दिसंबर को शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच, सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 04 से आरोपियों ने एक व्यक्ति को जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे देवली के जंगलों में ले जाकर लाठी-डंडों व बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने पीड़ित से दो लाख रुपए की फिरौती मांगी और फोन-पे के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर पेट्रोल भरवाने सहित अन्य खर्चों के लिए पैसे ट्रांसफर करवा लिए। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। जिसपर थाना कोतवाली पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लगातार प्रयासों के बाद दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है। थानाधिकारी मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई SP अनिल कुमार के निर्देशन, ASP विजय कुमार मीणा और CO सिटी उदय सिंह मीणा के सुपरविजन और थानाधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में की गई। दोनों आरोपियों को जांच अधिकारी ASI सियाराम मय पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद भवानी (31) उर्फ भानू पुत्र रमेश चंद मीणा निवासी श्यामपुरा थाना कुण्डेरा, हाल निवासी रेलवे कॉलोनी, कोतवाली सवाई माधोपुर और हिम्मतराम मीणा (28) उर्फ हिम्मत पुत्र हनुमान मीणा निवासी खोहल्या थाना बनेठा, जिला टोंक को आलनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।


