भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और चुनाव अधिकारी सुनील बंसल तथा लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल ने सोमवार को प्रदेश के नेताओं को मार्च के अंत तक जिलाध्यक्षों के चुनाव का टास्क दिया है। इससे स्पष्ट है कि सांगठनिक चुनाव बहुत तेज गति से संपन्न हुआ, तो भी अप्रैल में ही भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल पाएगा। बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी तक सभी बूथों का बचा हुआ काम पूरा कर लेना है। जिन बूथों पर उपयुक्त संख्या में प्राथमिक सदस्य या सक्रिय सदस्य नहीं बने हैं, वहां इस काम को पूरा करना है। 1 मार्च से 5 मार्च तक बूथ कमेटियों का निर्माण कर लेना है। 6 मार्च से 9 मार्च तक सभी मंडल अध्यक्षों के नाम शॉर्टलिस्ट कर लिए जाने हैं। किन-किन मंडलों में अध्यक्ष के लिए कौन-कौन दावेदार हैं, उनके नाम तय कर लेने हैं। 19 मार्च तक मंडल अध्यक्षों का निर्वाचन कर लेना है। जिला अध्यक्षों के नाम 25 मार्च तक शॉर्टलिस्ट कर लेने हैं। मार्च तक सभी जिला अध्यक्षों का चुनाव संपन्न करा लिया जाना है। 31 मार्च तक सभी जिलाध्यक्षों का चुनाव करा लिया जाना है। पत्रकारों से सुनील बंसल ने कहा कि झारखंड में विधानसभा चुनाव के बाद सदस्यता अभियान शुरू हुआ है। हमारा मानना है कि मार्च के अंत तक हमलोग संगठन पर्व का काम पूरा कर लेंगे। उसके बाद जैसा केंद्र निर्णय करेगा वैसा होगा। यह पूछने पर कि नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति कब तक होगी, बंसल ने कहा, अभी सिर्फ संगठन पर्व की बात। भविष्य का मजबूत कार्यकर्ता गढ़ने का अवसर है संगठन पर्व : संजय संजय जायसवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के कारण झारखंड के सांगठनिक चुनाव में थोड़ा विलंब हुआ है। संगठन पर्व भविष्य का मजबूत कार्यकर्ता गढ़ने का अवसर है। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उपस्थिति पार्टी नेताओं का आह्वान किया कि वे संगठन पर्व को समयबद्ध चरण में सफल बनाएं। बैठक की अध्यक्षता मरांडी ने की। संचालन गणेश मिश्र, विषय प्रवेश प्रदेश चुनाव अधिकारी प्रदीप वर्मा और धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने किया। मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश सदस्यता प्रभारी राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, मनोज सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पीएन सिंह, दिनेशानंद गोस्वामी, बालमुकुंद सहाय, विकास प्रीतम, भानु प्रताप शाही, नीलकंठ सिंह मुंडा, सीमा शर्मा आदि थे।


