अफीम के 2.17 लाख के 310 पौधे जब्त, आरोपी गिरफ्तार:धार में बिना अनुमति की थी खेती; खेत से भागने की कोशिश नहीं हुई सफल

धार के तिरला थाना पुलिस ने अवैध अफीम की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खेत से 310 हरे अफीम के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 11 किलो 640 ग्राम है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है। तिरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़पीपली निवासी दिलावर पिता अब्बास पटेल (55) ने अपने खेत में अवैध रूप से अफीम के पौधे लगा रखे हैं। इस सूचना के आधार पर तिरला थाना पुलिस ने एक टीम गठित कर दबिश दी। मौके पर पुलिस को देखकर एक व्यक्ति खेत से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलावर पिता अब्बास पटेल, निवासी ग्राम बड़पीपली, थाना तिरला बताया। पुलिस ने आरोपी के खेत की तलाशी ली, जहां मटर की फसल की मेड़ पर लहसुन और धनिया के पौधों के बीच छोटे-बड़े अफीम के हरे पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके पर सभी 310 पौधों को उखाड़कर गिना और विधिवत तौल कर पंचों के समक्ष जब्त किया। इस मामले में तिरला थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी दिलावर पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है। तिरला थाना प्रभारी ज्योति पटेल ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *