फाजिल्का के अबोहर में धान सीजन के दौरान चोरी की बढ़ती शिकायतों के बाद अनाज मंडी से अवैध झुग्गियों को हटा दिया गया है। मार्केट कमेटी सचिव अमनदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने सिटी वन पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की है। किसानों द्वारा मार्केट कमेटी अधिकारियों को लगातार चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के मद्देनजर, प्रशासन ने मंडी परिसर में नाजायज रूप से बनी झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने का निर्णय लिया। इस कार्रवाई का झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से यहीं रह रहे हैं और उनका बचपन भी यहीं बीता है। लोगों ने प्रशासन से उन्हें यहां हटाने से पहले रहने के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराने की मांग की है। चोरी की घटनाओं को लेकर उठाया कदम मौके पर मौजूद मार्केट कमेटी सचिव अमनदीप सिंह ने बताया कि किसानों को अक्सर सीजन में चोरी की घटनाओं से परेशानी होती थी, जिसके कारण यह कदम उठाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इन लोगों को करीब एक महीने पहले ही अल्टीमेटम दिया गया था कि वे अपनी अवैध झुग्गियों से सामान हटा लें, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।


