फाजिल्का जिले में अबोहर के सरकारी अस्पताल में वीरवार देर रात एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति में स्टाफ नर्स ने प्रसव कराया, जिसके बाद यह घटना हुई। इस घटना को लेकर परिजनों में गहरा रोष है। जानकारी के अनुसार, फाजिल्का रोड निवासी दीपक कुमार अपनी गर्भवती पत्नी पल्लवी को प्रसव के लिए सरकारी अस्पताल लाए थे। परिजनों का कहना है कि प्रसव के समय जच्चा-बच्चा वार्ड में कोई मेडिकल ऑफिसर (एमओ) मौजूद नहीं था। पल्लवी का प्रसव बिना किसी एमओ की देखरेख के स्टाफ नर्स द्वारा कराया गया। प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई और पल्लवी की हालत भी गंभीर रूप से बिगड़ गई। हायर सेंटर ले जाते वक्त तोड़ा दम अस्पताल प्रशासन ने पल्लवी को अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे देर रात एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। जब वे पल्लवी को किसी दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पल्लवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पल्लवी के पहले से दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


