पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर के सुभाष नगर में एक परिवार के हनुमानगढ़ जाने का फायदा उठाकर चोरों ने घर से नकदी और जेवरात चुरा लिए। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। बहन का हुआ था ऑपरेशन जानकारी के अनुसार खंड देवी ने बताया कि वह अपनी दो बेटियों काजल और लक्ष्मी के साथ हनुमानगढ़ में रहने वाली बहन का हाल जानने गई थी। उनकी बहन का ऑपरेशन हुआ था। उनकी दो बहुएं भी अपने मायके गई हुई थी। शाम को पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। जब परिवार वापस लौटा तो देखा कि कमरे में अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। बहुओं और बेटियों के सोने के जेवरात और 70 हजार रुपए की नकदी गायब थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस थाना प्रभारी प्रोमिला ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची। घर के ताले टूटे हुए थे, लेकिन सामान बिखरा नहीं था। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए पड़ोस में रहने वाले एक युवक को हिरासत में लिया है। अगर युवक से चोरी का सामान बरामद होता है, तो उस पर मामला दर्ज किया जाएगा।


