अबोहर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में पोस्त तस्करी के तस्कर को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। थाना नंबर एक की पुलिस टीम ने मलोट रोड ओवरब्रिज के पास गश्त के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ा, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। आरोपी की पहचान शहीद भगत सिंह नगर के रहने वाले सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस को देखते ही अपनी लोअर से एक लिफाफा फेंक दिया, जिसमें से हेरोइन बरामद हुई। थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी सिटी वन थाने में पोस्त से जुड़ा मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपी से पूछताछ करेगी। पुलिस का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि हेरोइन कहां से लाई गई और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इस पूछताछ से हेरोइन के बड़े तस्करों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।


