पंजाब के अबोहर में पुलिस ने 3 नशा तस्करी को पकड़ा है। सीआईए स्टाफ ने सीतो गुन्नों मेन चौक पर की गई नाकाबंदी के दौरान एक सास-दामाद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 52 ग्राम हेरोइन और 25 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है। एएसआई मनजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात करीब 10 बजे एक संदिग्ध बजाज सीटी बाइक को रोका। बाइक पर सवार महिला के पर्स की जांच में हेरोइन और 500-500 रुपए के 50 नोट बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में बिश्रपुरा निवासी अंकित कुमार, उसकी सास सुखविंदर कौर उर्फ गुरप्रीत कौर और तरनतारन के गांव मीरपुर निवासी गुरवंत सिंह शामिल हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि अंकित और उसकी सास सुखविंदर कौर मिलकर नशा तस्करी का धंधा करते थे। अंकित पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 27बी, 29, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।


