फाजिल्का जिले की अबोहर में पुलिस ने 16 हजार नशीले कैप्सूल समेत बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती देर रात उस समय की गई, जब थाना नंबर एक की पुलिस और सीआईए स्टाफ ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना नंबर-1 के प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी ने बताया कि देर रात हवलदार जगजीत सिंह पुलिस टीम के साथ फाजिल्का चुंगी के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल लेकर बाइक पर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की और बाइक सवार हरविंदर सिंह उर्फ लाला निवासी जम्मू बस्ती गली नंबर 1 और साहिल निवासी नानक नगरी गली नंबर 2 को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक कट्टे से 16 हजार नशीले कैप्सूल बरामद हुए। ये दोनों युवक नशीले कैप्सूल बेचने का काम करते हैं।


