फाजिल्का के अबोहर के गोबिंद नगरी गली नंबर 4 में बुधवार रात चोरों ने एक बंद पड़े घर से लाखों रुपए की नकदी चुरा ली। घटना उस समय हुई जब परिवार अपने बच्चे का जन्मदिन मनाने बाजार गया था। पुलिस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। सिंह इज किंग के संचालक रवि ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद करके घर आए। इसके बाद बच्चे का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार के साथ बाजार चले गए। रात करीब 10 बजे के जब वापस लौटे तो देखा कि घर की अलमारियां खंगाली हुई थीं। बेड के बॉक्स भी खुले पड़े थे। अलमारियों से करीब एक लाख 40 हजार रुपए गायब थे। रवि ने बताया कि चोरों ने पास के एक खाली प्लॉट के रास्ते घर में प्रवेश किया। सूचना मिलने पर सिटी वन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


