अबोहर के गांव सप्पांवाली के एक किन्नू वैक्सिंग प्लांट में अमृतसर से आए एक ट्राला चालक ने खाली कैरेट उतारने में देरी को लेकर मुनीम पर तलवार से हमला कर दिया। घटना प्लांट के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 35 वर्षीय पीड़ित सरजीवन ने बताया कि वह गांव बीलां पटी का रहने वाला है और सुशील सेतिया के वैक्सिंग प्लांट में मुनीम के साथ-साथ ड्राइवर का काम भी करता है। सुबह करीब 9 बजे बटाला का रहने वाला एक ट्राला चालक खाली कैरेट लेकर प्लांट में आया। जब उसने कैरेट उतारने में थोड़ी देर लगने की बात कही, क्योंकि मजदूर रात को देर से गए थे, तो ट्राला चालक आक्रामक हो गया। आरोपी ने की भागने की कोशिश गुस्से में आकर ट्राला चालक ने तलवार निकाली और सरजीवन पर हमला कर दिया, जिससे उसके कंधे पर चोट आई। हमले के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद मजदूरों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। थाना खुईयां सरवर की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल मुनीम को प्लांट मैनेजर सोनू ने सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।


