अबोहर में मोबाइल स्नैचिंग की एक और घटना सामने आई है। गली नंबर 15 में बीती रात साढ़े 9 बजे एक व्यक्ति से बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित सोहन लाल हेयर ड्रेसर से बाल कटवाने और शेविंग करवाने के बाद पैदल ही अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और सोहन लाल के हाथ से मोबाइल छीना और फरार हो गए। पुलिस को सौंपी सीसीटीवी फुटेज सोहन लाल ने सिटी वन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी है। थाना नंबर 1 के प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। चोरी हुए मोबाइल को ट्रैक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। शहर में पिछले कुछ समय से चोरी और छीना-झपटी की घटनाएं बढ़ रही हैं। बाइक चोरी के मामले भी सामने आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन इन अपराधों पर अंकुश लगाने में अब तक सफल नहीं हो पाया है।


