पंजाब के अबोहर में एक अखबार हॉकर से लूट का मामला सामने आया है। नई आबादी गली नंबर 5 में शनिवार शाम को एक बाइक सवार ने हॉकर से 5 हजार रुपए लूट लिए। पीड़ित हॉकर पवन मिड्ढा जैन नगरी का रहने वाला है। वह सुबह अखबार बांटने के बाद मीरा कॉलेज में नौकरी करता है। शाम को वह अखबारों की उगाही करता है। घटना के समय वह प्रेम न्यूज एजेंसी का भुगतान करने के लिए पैसे लेकर जा रहा था। पवन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बाघला के घर के पास उगाही कर रहा था। इसी दौरान एक 25 वर्षीय युवक बाइक पर वहां पहुंचा। उसने अखबार की रसीद मांगी। पवन ने युवक के घर अखबार नहीं लगा होने के कारण रसीद देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उससे पैसे छीन लिए। सिटी-2 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।


