फाजिल्का जिले के अबोहर के गांव सीतो गुन्नों में भारत रतन की हत्या के मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस कारण मृतक के परिजनों ने पांचवें दिन भी शव नहीं उठाया। परिवार ने अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरना शुरू कर दिया है। धरना देकर न्याय की मांग जानकारी के अनुसार मृतक के साले ने बताया कि उन्हें मजबूरी में अपनी बहन को भारत रतन की मौत की सूचना देनी पड़ी। खबर सुनते ही मृतक की पत्नी प्रवीणा और 7 साल की बेटी नेहा रो-रोकर बेहाल हो गई। परिजनों ने बताया कि अगले दिन से मृतक की पत्नी अपनी बेटी के साथ धरने में शामिल होकर न्याय की मांग करेगी। हत्यारोपियों को करें गिरफ्तार मृतक की पत्नी का कहना है कि जब तक हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे भारत रतन का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने पूरे गांव में दहशत फैला रखी थी। उनका मानना है कि हत्यारोपियों को कड़ी सजा मिलने से गांववासियों को इस आतंक से मुक्ति मिलेगी। पुलिस ने किया समझाने का प्रयास इधर आज मॉर्च्युरी के बाहर धरना लगाए जाने के बाद थाना बहाववाला प्रभारी दविन्द्र सिंह व थाना सदर के प्रभारी रविन्द्र भाटी मौके पर पहुंचे और पीडित परिवार को समझाने बुझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज पुलिस फोर्स सीड फॉर्म मामले में व्यस्त थी। वहीं पुलिस टीमें लगातार नामजद हत्यारोपियों की तलाश कर रही हैं, 5 दिनों में करीब 10 रिश्तेदारों को राउंड अप कर उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के फोन बंद आने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है, फिर भी उनकी तलाशी के दौरान उनकी एक कार सादुलशहर से उन्हें मिल गई है।


