अबोहर के गांव ढाबां कोकरियां में एक शोक सभा के दौरान हुए पथराव में सात साल की बच्ची मनकीरत गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी मां गुरप्रीत और मौसी सर्बजीत कौर को भी मामूली चोटें आई हैं। मनकीरत को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया। यह परिवार बठिंडा के गांव कोट शमीर से यहां आया था। जानकारी के अनुसार, मनकीरत अपनी मां गुरप्रीत (पत्नी सौदागर) और मौसी सर्बजीत कौर (पत्नी जगसीर सिंह) के साथ गांव ढाबा कोकरियां में एक रिश्तेदार की शोक सभा में शामिल होने आई थी। मनकीरत की मां गुरप्रीत ने बताया कि उसकी बहन सर्बजीत कौर का पति जगसीर सिंह नशे का आदी है। इसी कारण सर्बजीत कौर अपनी बेटी नूर के साथ काफी समय से पति से अलग रह रही है। जगसीर सिंह अपनी बेटी नूर को अपने साथ ले जाना चाहता है। साथियों के साथ पहुंचा पति, किया ईंटों से हमला आज (शनिवार) दोपहर जब शोक सभा समाप्त हुई, तो जगसीर सिंह अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। उसने जबरन अपनी बेटी नूर को छीनने की कोशिश की। जब सर्बजीत कौर ने इसका विरोध किया और बेटी देने से इनकार कर दिया, तो जगसीर सिंह और उसके साथियों ने ईंटों से हमला कर दिया। परिवार ने बचने के लिए अपनी पिकअप गाड़ी में शरण ली, लेकिन हमलावरों ने पिकअप पर भी ईंटें फेंकीं। इसी दौरान एक ईंट मनकीरत को लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। घायल बच्ची को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बठिंडा रेफर कर दिया।


