पंजाब में लगातार मिल रही बम की धमकियों के मद्देनजर फाजिल्का जिला प्रशासन अलर्ट पर है। इसी कड़ी में अबोहर में पुलिस और जीआरपी ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। बुधवार को यह अभियान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व सिटी वन थाना प्रभारी रविंदर सिंह भीट्टी ने किया। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद प्रत्येक यात्री के बैग की गहन जांच की। इसके अतिरिक्त, रेलवे गाड़ियों और स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र की भी बारीकी से तलाशी ली गई, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। पुलिस ने नागरिकों से की अपील पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई संदिग्ध बैग, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे, तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या थाने को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि जनता की सतर्कता से ही किसी भी बड़ी घटना को रोका जा सकता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और तत्पर है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फाजिल्का जिला पुलिस और जीआरपी की यह संयुक्त कार्रवाई सुरक्षा के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाती है। यहां देखें फोटो…


