भास्कर न्यूज | कवर्धा आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय पीजी कॉलेज परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में संत कबीर साहब के 627वें प्राकट्य उत्सव और संत समागम समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार को शामिल हुए। उन्होंने कबीर साहब के तैलचित्र पर पूजा की । पंथ के नवोदित वंशाचार्य उदित मुनि नाम साहब से आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश और खासकर कबीरधाम जिले की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। समारोह में वंशाचार्य उदित मुनि नाम साहब ने कबीरपंथियों की ओर से कबीरदास जी की स्मृति में चौक बनाने की मांग रखी। इस पर उपमुख्यमंत्री ने तुरंत घोषणा की कि कवर्धा के लोहारा रोड पर भव्य कबीर चौक बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महाविद्यालय परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम अब आचार्य पंथ श्री हकनाम साहब बहुउद्देशीय स्टेडियम के नाम से जाना जाएगा। कबीरधाम आध्यात्मिक चेतना का केंद्र: विजय समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कबीरधाम केवल एक जिला नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। यहां के लोग जब खुद को कबीरधामवासी कहते हैं, तो उसमें संत कबीर साहब से जुड़ाव की भावना होती है। संत कबीर के दोहे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। शासकीय महाविद्यालय संत परंपरा से जुड़ा हुआ है उपमुख्यमंत्री ने बताया कि कबीरधाम का शासकीय महाविद्यालय संत परंपरा से जुड़ा है। इसका नाम आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब के नाम पर रखा गया है। यह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। समारोह में पंथ उदित मुनि नाम साहब ने कबीर वाणी की महिमा पर प्रवचन दिया।


