मंदिर में तोड़फोड़ के बाद दो पक्षों में विवाद और उपद्रव से बिगड़े हालात अब सुधरने लगे हैं। 24 घंटे के बाद पुलिस और प्रशासन एक्शन में आया है। रविवार को कोतवाली थाना प्रभारी नवीन जैन को हटाकर एसआई भूपेंद्र विश्वकर्मा को थाने का चार्ज सौंपा गया है। शहर बंद का सबसे अधिक असर कोतवाली थाना क्षेत्र में दिखा। सराफा, बड़ा बाजार, चमेली चौक, कटरा इलाके की दुकानें बंद रही हैं। एसपी विकास शाहवाल छुट्टी पर हैं। कलेक्टर संदीप जीआर ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इसी बीच शाम को जब एक पक्ष से लोग जमा होने लगे तो पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ दिया। देर शाम तक इलाके में शांति व्यवस्था कायम हो गई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार इलाके की जड़िया गली में सोनी और जड़िया समाज के कुलदेव का मंदिर एक पक्ष के लोगों द्वारा तोड़े जाने से लोगों में आक्रोश है। शनिवार को 40-50 युवक चेहरों पर कपड़ा बांधकर आए और मंदिर में तोड़फोड़ कर दी थी। जिसके बाद से हंगामा शुरू हुआ। शनिवार को दूसरे पक्ष ने कोतवाली थाने का घेराव कर दिया। करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन किया था। वहीं देर रात पुलिस पर पथराव हुआ। एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा, सीएसपी यश बिजौरिया, कोतवाली थाना प्रभारी नवीन जैन, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत, कैंट थाना प्रभारी विजय सिंह राजपूत, गोपालगंज थाना प्रभारी मनीष सिंघल अन्य थानों के पुलिस के साथ पत्थरों की बौछारों के बीच उपद्रवियों को खदेड़ दिया था। देर रात तक अलग-अलग क्षेत्रों में मारपीट और तोड़फोड़ के फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। मंदिर तोड़े जाने के विरोध में एक पक्ष ने रविवार को शहर बंद का ऐलान किया था। सुबह से ही शहर के ज्यादातर इलाके की दुकानें बंद रहीं। पुलिस वज्र वाहन के साथ गश्त पर रही। कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 163 लागू है। एडिशनल एसपी, सीएसपी व थाना प्रभारी लगातार शहर की सड़कों पर घूमकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। तोड़फोड़ का आरोपी मोनू मोराजी क्षेत्र से गिरफ्तार मंदिर में तोड़फोड़ और उपद्रव का आरोपी मोनू जैन रविवार देर रात मोराजी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। मोतीनगर थाना प्रभारी जशवंत सिंह राजपूत और मकरोनिया थाना प्रभारी रवींद्र चौहान आरोपी को पकड़कर कोतवाली थाने लाए। वीडियो व फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान तोड़फोड़ की घटना के बाद एक पक्ष की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने मोनू जैन, आदर्श जैन व अन्य 50 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। घटना के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज व घायलों के बयानों के आधार पर अन्य लोगों पर नामजद केस दर्ज किया जाएगा। जिलेभर के थानों के टीआई व रिजर्व पुलिस बल को तैनात किया गया है। एक दर्जन से अधिक वज्र वाहन और पुलिस की अन्य मोबाइल गाड़ियां पेट्रोलिंग कर रही हैं।


