अब कॉटन कारोबारी से लॉरेंस के नाम से मांगी 5 करोड़ रु. की फिरौती, धमकी- जान से मरवा दूंगा

भास्कर टीम|श्रीगंगानगर/श्रीविजयनगर श्रीविजयनगर के एक कॉटन फैक्ट्री संचालक पिता-पुत्र से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे रोहित गोदारा के नाम से 5 करोड़ की फिरौती मांगी गई है। फिरौती के लिए धमकी देने वाले ने सोमवार दिन में तीन बार वाट्सअप कॉल की। इसकी जानकारी फैक्ट्री संचालक ने शाम को पुलिस को दी। सोमवार देर रात श्रीविजयनगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। धमकी मिलने के बाद फैक्ट्री संचालकों को सुरक्षा भी उपलब्ध करवाई गई है। श्रीविजयनगर थानाप्रभारी गोविंदराम ने बताया कि कस्बे में एक कॉटन फैक्ट्री संचालक ने सोमवार रात को इस संबंध में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के अनुसार संचालक व उसके पुत्र के पास अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग समय में तीन बार वाट्सअप कॉल की। ये नंबर एक सॉफ्टवेयर से बदले गए हैं ताकि नंबरों से पहचान नहीं हो पाए। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और धमकी दी कि यदि उसे 5 करोड़ रुपए नहीं दिए तो वह उनको जान से मरवा देगा। थानाप्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू की है। कॉल करने वाले नंबरों की लॉकेशन आदि का पता किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 23 और 28 दिसंबर को इसी तरह से श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर पुरानी आबादी निवासी एक हैंडलूम कारोबारी को भी इसी तरह से लॉरेंस और रोहित गोदारा के नाम पर धमकी देकर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। इसका एक जनवरी को पुरानी आबादी थाने में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो से तीन दिन में खुलासा करने का दावा किया था, मगर एक सप्ताह बाद भी इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पीड़ित पुरानी आबादी निवासी व्यापारी की उदाराम चौक रोड पर कपड़े की दुकान है। पीड़ित ने परिवाद में बताया कि उसकी धर्मपत्नी के मोबाइल फोन पर 23 दिसंबर की दोपहर 2:20 बजे पहली बार वाट्सएप कॉल आई थी। कॉलर ने स्वयं को रोहित गोदारा तथा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य होना बताया। इसके बाद कॉलर ने पीड़ित की पत्नी को धमकाते हुए कहा कि आपकी और आपके परिवार की जान को खतरा है। श्रीविजयनगर के व्यापारी मनीष कुमार दुआ ने 19 मार्च 2023 को श्रीविजयनगर थाने में मामला दर्ज कराया था कि करीब 2 साल पहले विदेशी नंबर से उनसे आशीष विश्नोई के द्वारा धमकाते हुए 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस बीच आशीष बिश्नोई के अन्य साथियों ने उन्हें डरा धमका कर साढ़े 5 लाख रुपये ऐंठ भी लिए गए। श्रीविजयनगर थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे आशीष बिश्नोई को गिरफ्तार किया था। लॉरेंस गैंग के नाम से फिरौती मांगने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ के भांजे सुनील पहलवान से भी फोन करके फिरौती मांगी गई थी। उस वक्त भी पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई थी और सदर थाने में मामला दर्ज कर 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद एक महिला व्यापारी को फोन करके 50 लाख की फिरौती मांगी गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *