अजय कुमार गुप्ता राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर बरही–रांची पथ के बीच स्थित ओरमांझी ब्लॉक चौक पर लंबे समय से अटका फ्लाईओवर निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होगा। केंद्र सरकार की मंजूरी के साथ ही इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का रास्ता साफ हो गया है। फ्लाईओवर बनने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या से राहत मिलेगी और प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को जाम, दुर्घटना और समय की बर्बादी से निजात मिलेगी। एनएच-20 बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाला प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है। ओरमांझी ब्लॉक चौक इस मार्ग का सबसे व्यस्त और संवेदनशील बिंदु रहा है, जहां भारी वाहनों और यात्री बसों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनती रही है। फ्लाईओवर निर्माण से इस चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा। शुरुआत में यहां व्हीकल अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव रखा गया था। निर्माण शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए फ्लाईओवर की मांग की। विरोध के बाद परियोजना के डिजाइन में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई, जिससे काम लंबे समय तक ठप रहा। इस दौरान आम लोगों को रोजाना जाम, दुर्घटनाओं और असुविधा का सामना करना पड़ा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया कि स्थानीय जनभावनाओं और तकनीकी समीक्षा के आधार पर अंडरपास प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर फ्लाईओवर के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जो लगभग एक किलोमीटर लंबा होगा। इसके लिए निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। बता दें कि इस जनसमस्या को लेकर झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और सांसद प्रदीप वर्मा के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। 31 जुलाई 2025 को पत्र भेजकर ओरमांझी ब्लॉक चौक पर फ्लाईओवर निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग रखी गई थी। फ्लाईओवर बनने से आम जनता को फायदा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से फ्लाईओवर की मांग थी। केंद्र सरकार का यह निर्णय स्वागतयोग्य है। इससे यातायात व्यवस्था सुधरेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।-आदित्य साहू, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा


