अब तक 13 अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई:900 बीघा वनभूमि मुक्त कराने 60 जेसीबी लेकर पहुंचे 400 अधिकारी-कर्मचारी, फसल रौंदकर गड्‌ढे खोदे

चांचौड़ा में वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की सबसे बड़ी कार्रवाई गुरुवार को हुई। वन विभाग का दावा है कि उसने राजस्व व पुलिस की मदद से 900 बीघा वन भूमि मुक्त कराई। इस पर 41 लोगों ने कब्जा कर रखा था। कार्रवाई के दौरान 400 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल था इसलिए कोई विरोध करने नहीं पहुंचा। 60 जेसीबी के जरिए वनभूमि पर बोई गई सरसों, गेहूं व अन्य फसलों को रौंद दिया गया। इसके बाद वहां बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए, जिससे बाद में कोई दोबारा फसल बोने न पहुंच जाए। कार्रवाई सुबह 10 बजे से शुरू की गई और दोपहर बाद तक चलती रही। रेंजर सौरभ द्विवेदी ने बताया कि चांचौड़ा में बीते कुछ माह के दौरान हुई यह 13वीं बड़ी कार्रवाई है। अब तक कुल 1435 बीघा जमीन मुक्त कराई जा चुकी है। वन अमले पर हुआ था हमला: राजस्थान की सीमा से लगे कमलापुर क्षेत्र में 2016 में वन भूमि से कब्जा हटाने के दौरान वन विभाग के अमले पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। उस समय झगड़े और हिंसा के कारण कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी थी, इसमें कई वनकर्मी घायल भी हो गए थे। लोगों से अपील- वनों को बचाने में मदद करें आने वाले दिनों में चांचौड़ा सहित कई अन्य इलाकों में बड़ी कार्रवाई होंगी। हमने तमाम अतिक्रमणों को चिह्नित कर रखा है। हमारी लोगों से अपील है कि वे वनों को बचाने में मदद करें, नहीं तो आने वाली पीढ़ी को इसके बहुत बुरे नतीजे भुगतने पड़ेंगे।
-अक्षय राठौर, डीएफओ, गुना

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *