अब नए रूप में भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन:PM मोदी आज करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन को अब नया और आधुनिक रूप मिल चुका है। इन्हें अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया गया है। इसका वर्चुअल उद्घाटन 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इन स्टेशनों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई नए इंतजाम किए गए हैं। रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक शिव प्रसाद ने बताया कि भानुप्रतापपुर स्टेशन अमृत भारत योजना के तहत सबसे पहले पूरा होने वाला स्टेशन है। स्टेशन को पर्यावरण-अनुकूल तकनीक से विकसित किया गया है। इस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। अब यात्रियों को बेहतर वेटिंग रूम, बेहतर लाइटिंग, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, टिकटिंग मशीन और सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं मिलेंगी। क्या बदला है स्टेशन में भानुप्रतापपुर स्टेशन में विशेष रूप से चौड़ा प्रवेश द्वार, रैंप और दिव्यांगजनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी दी गई है। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म पर डिजिटल टाइम टेबल, घड़ी, लाउडस्पीकर, सुरक्षा के लिए आरपीएफ पोस्ट, फर्स्ट एड बॉक्स और फायर एक्सटिंगिवीशर जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं। रेलवे अधिकारी ने बताया कि महिलाओं के लिए विशेष वेटिंग रूम और “एक स्टेशन एक उत्पाद” स्टॉल भी स्थापित किया गया है। रेलवे विभाग का उद्देश्य इन स्टेशनों के माध्यम से न केवल यात्रियों के सफर को आरामदायक और सुरक्षित बनाना है, बल्कि यह क्षेत्रीय विकास में भी सहायक होगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भारत भर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिले। अमृत स्टेशनों में छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशन शामिल बता दें कि 22 मई को देशभर के 103 अमृत स्टेशनों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण करेंगे। इन स्टेशनों में छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशन भी शामिल हैं। जिनमें डोंगरगढ़, भानुप्रतापपुर, भिलाई, उरकुरा और अंबिकापुर अमृत स्टेशन हैं। क्या है अमृत भारत स्टेशन योजना यह योजना भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य देश भर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करना है। इसके तहत कई रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को एक बेहतर अनुभव मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *