सागर के बंडा में स्थित सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने सिजेरियन डिलीवरी कराने की सुविधा का शुभारंभ किया है। सुविधा शुरू होने के बाद पहला सिजेरियन प्रसव पापेट निवासी 23 वर्षीय रजनी लोधी का कराया गया है। बंडा अस्पताल में सिजेरियन प्रसव शुरू होने के बाद बंडा, शाहगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों की करीब 4 लाख से अधिक की जनसंख्या को सुविधा मिलेगी। दरअसल, कई सालों से बंडा क्षेत्र की जनता की मांग व मातृ शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सिविल अस्पताल बंडा में जटिल प्रसव (सिजेरियन) सुविधा शुरू की गई है। सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरी ने बताया कि बंडा में सिजेरियन प्रसव की सुविधा नहीं होने से प्रसूताओं को परेशान होना पड़ रहा है। जिसको लेकर लगातार शासन स्तर पर मांग रखी जा रही थी। पहला सफल ऑपरेशन, मां और नवजात दोनों स्वस्थ
अब बंडा सिविल अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा शुरू की गई है। पहला सफल सिजेरियन प्रसव सिविल अस्पताल बंडा में किया गया। प्रसूता ने 3 किग्रा वजनी स्वस्थ बालक को जन्म दिया है। जच्चा और बच्चा दोनों पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। यह प्रसव क्षेत्रीय संचालक डॉ. नीना गिडियन, जिले से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ललिता पाटिल की निगरानी में सिविल अस्पताल बंडा से डॉ. प्रदीप सरवरिया (गायनेकोलॉजिस्ट), डॉ. अशुल नेमा (एनेस्थेटिक), डॉ. हिमांशु वर्मा (पिडियाटिशियन) और अन्य ओटी स्टाफ की उपस्थिति में कराया गया है।


