अब ‘लाड़ला भांजा योजना’ लाएंगे शिवराज सिंह:फिर पदयात्रा पर निकलेंगे दिग्विजय, नरोत्तम मिश्रा बोले- तौबा रे तौबा

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। मामा शिवराज सिंह का भांजों को बड़ा आश्वासन
केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुर्खियों में रहने का कोई मौका नहीं छोड़ते। अब उन्होंने लाड़ली बहना योजना की तर्ज पर लाड़ला भांजा योजना की बात कही है। दरअसल, शिवराज सिंह रायसेन में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा- ‘यहां भांजे-भांजियां बैठी हैं। भांजे कह रहे थे, लाड़ला भांजा योजना बना दो मामा। मैं दोनों सरकारों से बात करूंगा।’ शिवराज की ये बात सुनकर जमकर ठहाके भी लगे। शिवराज के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोगों ने सवालों की झड़ी लगा दी। किसी ने कहा- पहले जो महिलाएं लाड़ली बहना योजना में छूट गई हैं, उनके नाम तो जुड़वा दीजिए। किसी ने लिखा लाड़ली बहना की राशि 3 हजार करवा दीजिए। किसी ने उन्हें किसानों पर फोकस रहने की नसीहत दे डाली। शिवराज सिंह ने सीएम मोहन यादव की भी तारीफ की। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा कि मोहन यादव बहुत तेज गति से काम करते हैं। मुझसे कई गुना ज्यादा ऊर्जा है उनमें। ऊर्जा और बढ़ें और वे प्रदेश की बेहतर सेवा करते रहे। राज्यसभा सीट के लिए दिग्विजय सिंह ने दिया बयान
राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की संघ और भाजपा संगठन की तारीफ को पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नया ही रंग दे दिया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने ये सब राज्यसभा की अपनी सीट पक्की करने के लिए किया है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा- मुझे तो लगता है कि दो महीने बाद राज्यसभा के चुनाव है और आप अपने कांग्रेस के हाईकमान पर दबाव बनाने के लिए ये सब कर रहे हो। आप और संघ की तारीफ.. तौबा रे तौबा। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने मोदी और आडवाणी की पुरानी तस्वीर शेयर कर संघ और भाजपा के संगठन की तारीफ की थी। इसके बाद वो अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने पर आ गए। बताया जा रहा है कि खुद राहुल गांधी ने भी उनके इस बयान को बदमाशी करार दिया। हालांकि भाजपा नेताओं ने दिग्विजय सिंह की तारीफ की। मंत्री विजयवर्गीय ने तो उनकी तुलना सरदार वल्लभ भाई पटेल से कर दी। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने पटेल की तरह सच कहने का साहस दिखाया है। वहीं सीएम ने तो दिग्विजय को भाजपा में आने का ऑफर दिया है। हालांकि दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्होंने तो केवल संगठन की तारीफ की है। वे हमेशा से मोदी, संघ और भाजपा की विचारधारा के घोर विरोधी रहे हैं। शिवराज के गृह जिले से पदयात्रा करेंगे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने मनरेगा योजना में बदलाव के खिलाफ पदयात्रा का ऐलान किया है। वे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर से इसकी शुरुआत करेंगे। बता दें कि मनरेगा योजना का नाम बदलकर विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G-RAM-G) कर दिया गया है। कांग्रेस योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने का विरोध कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार ने योजना का नाम बदलकर महात्मा गांधी का अपमान किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मनरेगा योजना के नए स्वरूप VB-G-RAM-G के खिलाफ सीहोर जिले की किसी ग्राम पंचायत से पैदल यात्रा निकालेंगे। 5 जनवरी से पैदल यात्रा निकालने का विचार किया गया है। अब लोग कह रहे हैं कि राजा साहब फुल फॉर्म में आ गए हैं। जबकि प्रदेश अध्यक्ष अलग ही दुखड़ा सुना रहे है। दरअसल, इंदौर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे ये कहते नजर आ रहे हैं कि मैं तो वनवास भोग रहा हूं। सड़क निर्माण के सवाल पर मंत्री ने दिया अजीब बयान
मध्य प्रदेश में सड़कें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विपक्ष दल से लेकर सत्ता पक्ष के विधायक, मंत्री और आमजन घटिया निर्माण की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। ऊपर से जिम्मेदारों के अजीब बयान सरकार की किरकिरी करा रहे हैं। ताजा मामला मंडला जिले के नेशनल हाईवे का है। इसे लेकर पत्रकारों ने मंत्री दिलीप जायसवाल से सवाल पूछा तो उन्होंने अजीब बयान दिया। दरअसल, पत्रकारों ने मंत्री से पूछा था कि नेशनल हाईवे का काम 2014-15 से शुरू हुआ था। जो अभी तक चल ही रहा है। पूरा नहीं हुआ। इस पर मंत्री ने कहा- ये तो पूरे जीवनभर चलेगा। हालांकि बाद में अपनी बात को संभालते हुए कहा कि हम सिर्फ एक सड़क की बात नहीं कर रहे हैं, हर जगह सड़कें बन रही हैं, इसलिए यह काम आगे भी चलता रहेगा। ये भी पढ़ें –
सीएम ने मंच पर भाजपा विधायक को दिखाया जादू:विजयवर्गीय का दिग्विजय के लिए प्रेम फिर उमड़ा रतलाम जिले के जावरा में भाजपा विधायक राजेंद्र पांडे ने जब सीएम से जावरा को जिला बनाने की मांग की तो उन्होंने विधायक को मंच पर ही जादू दिखा दिया। इधर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का दिग्विजय के लिए प्रेम फिर उमड़ पड़ा है। इतना कि दिग्विजय सिंह की तुलना सरदार वल्लभ भाई पटेल से कर दी। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *