राजस्थान में सरकारी भर्तियों की ओएमआर शीट में नंबर बढ़ाने की गड़बड़ी सामने आने के बाद राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बोर्ड ने फैसला किया कि भविष्य में सभी भर्ती परीक्षाओं की ओएमआर शीट ऑनलाइन अपलोड की जाएंगी। इससे परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और सार्वजनिक होगी। इसकी शुरुआत फोर्थ ग्रेड भर्ती परीक्षा से की जाएगी। सरकारी नौकरी पाने के लिए ओएमआर शीट में गड़बड़ी का मामला हाल ही सामने आया था। इसमें चयन बोर्ड के अफसरों सहित फर्म के कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों के नंबर बढ़ा दिए थे। इससे इन अभ्यर्थियों की सरकारी नौकरी लग गई थी। अभ्यर्थी सहित आम लोग भी देख सकेंगे निष्पक्षता
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया- हाल ही ओएमआर शीट में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इसके बाद अभ्यर्थियों की ओर से भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर शिकायतें भी मिली हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड ने चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने का निर्णय लिया है। इससे न सिर्फ अभ्यर्थी अपनी उत्तर पुस्तिका देख सकेंगे, बल्कि आम लोग भी बोर्ड की प्रक्रिया की निष्पक्षता को परख सकेंगे। फोर्थ ग्रेड भर्ती परीक्षा से होगी शुरुआत
बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने बताया- इस व्यवस्था की शुरुआत फोर्थ ग्रेड भर्ती परीक्षा से की जाएगी। फोर्थ ग्रेड भर्ती परीक्षा की ओएमआर शीट इसी महीने के अंतिम सप्ताह या फरवरी के पहले सप्ताह तक ऑनलाइन अपलोड कर दी जाएगी। इसके बाद आने वाली सभी भर्ती परीक्षाओं में भी यही व्यवस्था लागू की जाएगी। आलोक राज ने कहा- कर्मचारी चयन बोर्ड अब तक पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाओं का आयोजन करता आया है। आगे भी इसी सोच के साथ काम करेगा। ओएमआर शीट को सार्वजनिक करने का फैसला इसी कड़ी का हिस्सा है। इससे भर्ती प्रक्रिया पर उठने वाले सवालों पर विराम लगे और अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत हो। गड़बड़ी की आशंका होगी कम
बोर्ड के इस फैसले से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका कम होगी। अभ्यर्थी अपनी ओएमआर देखकर संतुष्ट हो सकेंगे और गलत सिलेक्शन या हेर-फेर को लेकर उठने वाले सवालों पर भी रोक लगेगी। चयन बोर्ड के फैसले को छात्रों और अभ्यर्थियों के हित में बड़ा और सकारात्मक कदम माना जा रहा है। अगर ओएमआर शीट में किसी तरह की गड़बड़ी मिलती है तो फिर कर्मचारी चयन बोर्ड की कार्यशैली पर सवाल खड़े होंगे। यह खबर भी पढ़ें… फेल अभ्यर्थियों को पास किया, 38 सरकारी नौकरी लगे:पैसे लेकर 2 नंबर के 206 कर दिए; 5 गिरफ्तार, 60 लाख रुपए जब्त स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए OMR शीट में नंबर बढ़ाने वाली गैंग का खुलासा किया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) के तकनीकी प्रमुख सहित 5 लोगों को एसओजी ने अरेस्ट किया है। जो तीन भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा कर 38 अभ्यर्थियों की सरकारी नौकरी लगा चुके हैं। टीम ने दो आरोपियों के पास से 60 लाख रुपए और डॉक्यूमेंट जब्त किए। (पूरी खबर पढ़ें)


