जेएलएफ में भास्कर का विशेष टॉक शो जयपुर | दैनिक भास्कर की ओर से इस साल का श्री द्वारका प्रसाद अग्रवाल सम्मान लेखक और गीतकार पीयूष मिश्रा को दिया जाएगा। यह सम्मान जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में 18 जनवरी को शाम 5 बजे वेन्यू चारबाग में दिया जाएगा। पीयूष मिश्रा अभिनेता, संगीत निर्देशक, गायक और पटकथा लेखक भी हैं। वे मकबूल, गुलाल, गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी मशहूर फिल्मों के लिए गीत लिख चुके हैं। बल्लीमारान उनका मशहूर बैंड है। आरंभ हैं प्रचंड बोल…, इक बगल में चांद होगा…जैसे गीत उन्होंने बॉलीवुड को दिए हैं। इस अवसर पर दैनिक भास्कर का विशेष टॉक शो भी होगा। इसमें किताब ‘तुम्हारी औकात क्या है पीयूष मिश्रा’ पर चर्चा होगी। शो में पीयूष मिश्रा फिल्म, नाटक, गीत और जिंदगी से जुड़े अनुभव शहरवासियों के साथ साझा करेंगे। भास्कर की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप 2 लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। श्री द्वारका प्रसाद अग्रवाल सम्मान की शुरुआत 2016 में हुई थी। इससे पहले लेखक प्रभात रंजन, मनोज मुंतशिर शुक्ला, इरशाद कामिल, स्वानंद किरकिरे जैसी हस्तियों को सम्मान दिया जा चुका है।


