अभी राहत, आखिरी सप्ताह में शीतलहर के साथ ठिठुरन

भास्कर न्यूज | चित्तौड़गढ़ करीब 10 दिन से तीव्र शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड से कुछ राहत जरूर मिली है पर इससे निजात नहीं मिलेगी। आगामी दो सप्ताह में शीतलहर के साथ तापमान में पुन: गिरावट और मावठ जैसी स्थिति से भी सामना हो सकता है। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान फिर 1.3 डिग्री बढ़कर गुरुवार को 28 दर्ज हुआ। जो प्रदेश में डूंगरपुर के बाद सबसे अधिक था। बुधवार रात न्यूनतम तापमान भी मामूली बढ़ोतरी के साथ 7.7 डिग्री दर्ज हुआ। लगातार करीब एक सप्ताह तक3 से 6 डिग्री के आसपास रहने के बाद यह अब दो दिन से 7 डिग्री से ऊपर चल रहा है। इस बीच राज्य मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन में ही न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने तथा कहीं-कहीं शीतलहर का दौर आगामी 3-4 दिन जारी रहने की संभावना है। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में 25 दिसंबर को ही और उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर भरतपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 26-27 दिसंबर को मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना बताई गई। यानी चित्तौड़गढ़ जिले में 25 से 27 दिसंबर तक मावठ जैसा मौसम रह सकता है। अगले एक सप्ताह में शीतलहर के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट होने व दूसरे सप्ताह में यह सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान अगले दो सप्ताह यानी 20 दिसंबर से 2 जनवरी तक सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *