राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से पुरानी भर्तियों की ओएमआर शीट नष्ट करने की प्रक्रिया पर विवाद खड़ा हो गया है। चयन बोर्ड अध्यक्ष ने कार्यालय में स्पेस मैनेजमेंट के तहत पुरानी भर्तियों की ओएमआर शीट को तय प्रक्रिया के तहत नष्ट करने की बात कही है। बेरोजगार अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया पर कहा है कि पुरानी भर्तियों में ओएमआर शीट में फर्जीवाड़ा हुआ है। इसमें बोर्ड के कर्मचारी लिप्त रहे हैं। बेरोजगारों ने सबूत नष्ट करने की आशंका जताई। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि भ्रम फैलाया जा रहा है। पुरानी भर्ती के चयनितों, कोर्ट/एसओजी केसेज की ओएमआर को नष्ट नहीं किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले दिनों एसओजी ने बोर्ड की तीन भर्तियों में ओएमआर शीट में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का खुलासा किया था। इसमें बोर्ड कर्मचारियों से मिलीभगत करके ओएमआर शीट में गड़बड़ी करके माइनस 6 अंक वाले के 265 नंबर तक बढ़ा दिए थे। 2018 की महिला सुपरवाइजर भर्ती, प्रयोगशाला सहायक भर्ती और कृषि पर्यवेक्षक भर्ती में ओएमआर शीट में गड़बड़ी कर 38 अभ्यर्थी फर्जी तरीके से पास हुए थे। बोर्ड के उपनिदेशक और प्रोग्रामर सहित 5 लोगों को एसओजी ने गिरफ्तार किया था। ना मुख्य आरोपी सामने आया ना ही फर्जीवाड़ा करने वाले अभ्यर्थी राजस्थान बेरोजगार यूनियन के अध्यक्ष हनुमान किसान, रवींद्र चौधरी, रामदेव चोटिया सहित अन्य बेरोजगार नेताओं का कहना है कि अभी तक ओएमआर शीट में फर्जीवाड़ा करने का मुख्य आरोपी पकड़ा नहीं गया है। ना ही उन अभ्यर्थियों के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने फर्जीवाड़ा करके नंबर बढ़वाए और पास हुए। ऐसे में पुरानी भर्तियों की ओएमआर शीट नष्ट करना गलत है। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद युवाओं में आक्रोश है। ओएमआर शीट घोटाले की जांच सरकार को सीबीआई से करानी चाहिए। ओएमआर शीट नष्ट करने की प्रक्रिया तय, सारी प्रक्रिया लिखित व पारदर्शी मामले में कर्मचारी बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज का कहना है कि जाने अनजाने में एक भ्रम फैल रहा है कि हम जानबूझ कर पुरानी ओएमआर शीट को नष्ट कर सबूत मिटा रहे हैं, जबकि स्पेस मैनेजमेंट के लिए पुरानी ओएमआर शीट्स को बोर्ड में बने हुए प्रोसीजर अनुसार ही नष्ट किया जा रहा है। पुरानी भर्ती के चयनितों, कोर्ट/एसओजी केसेज की ओएमआर को नष्ट नहीं किया जा रहा है। यह सारी प्रक्रिया लिखित में है, पारदर्शी है और जांच के लिए ओपन है। मेरे कार्यकाल की भर्तियों की ओएमआर शीट्स के नष्ट करने का नंबर आने में टाइम लगेगा, सब कुछ बॉक्सेस में सुरक्षित है।


