ग्वालियर में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस (25 दिसंबर) को ग्वालियर में मध्य प्रदेश सरकार ऐतिहासिक ‘अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025’ का आयोजन करने जा रही है। कार्यक्रम में मेला मैदान में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष मौजूदगी में होने जा रही इस समिट में ग्वालियर–चंबल संभाग के विभिन्न योजनाओं के हितग्राही भी सहभागिता करेंगे। समिट में उद्यमी, निवेशक, हितग्राही एवं नागरिक होंगे शामिल। साथ ही हर शहर व जिले से आने वाले लोगों की बस पर अलग-अलग कलर कोडिंग रहेगी। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने इस कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना व भिण्ड के कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से चर्चा की। एमपी की औद्योगिक, आर्थिक व निवेशीय प्रगति के होंगे दर्शन
मध्यप्रदेश की औद्योगिक, आर्थिक एवं निवेशीय प्रगति का व्यापक प्रदर्शन करने के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी के विकासवादी विचारों, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को भी सादर श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। अटलजी के “विकास, सुशासन और समावेशी प्रगति” के दूरदर्शी विकास दृष्टि से प्रेरित यह समिट ‘निवेश से रोजगार–अटल संकल्प, उज्ज्वल मध्यप्रदेश’ विषय पर आधारित है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बीते दो वर्षों में सीएम डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में प्रदेश में हुए औद्योगिक विस्तार, निवेश उपलब्धियों और रोजगार सृजन के ठोस एवं धरातलीय परिणामों को जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करना और भविष्य की औद्योगिक प्राथमिकताओं एवं विकास के स्पष्ट रोडमैप को साझा करना है। यह मंच मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेशकों के बढ़ते विश्वास तथा रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।
हर शहर की बसों व पार्किंग की होगी कलर कोडिंग
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कहा कि इस आयोजन में उद्यमी, निवेशक, हितग्राही एवं नागरिक शामिल होंगे। इसलिये पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर से बेहतर हों। उन्होंने कहा कि सभी जिलों से आने वाले हितग्राहियों के वाहनों व पार्किंग की जिलेवार अलग-अलग कलर कोडिंग करें, जिससे वाहन निर्धारित पार्किंग में पहुंच सकें।
कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे सभी प्रतिभागी सुविधाजनक तरीके से अपने सेक्टर में पहुंच जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि हर जिले से आ रहे विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के सहयोग के लिये जनपद पंचायत के सीईओ सहित अन्य अधिकारियों को नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपे। नोडल अधिकारी आवेदन से एक दिन पहले आकर पार्किंग व्यवस्था, रूट व आयोजन स्थल पर अपने सेक्टर देख लें, जिससे आयोजन दिवस को निर्धारित सेक्टर तक हितग्राहियों को पहुंचाने में कोई दिक्कत न हो।
कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व बसों में हो मेडिकल किट
संभागीय आयुक्त ने बैठक में यह भी निर्देश दिए कि हितग्राहियों को लेकर आ रहे हर वाहन में प्राथमिक चिकित्सा के लिये मेडिकल किट अवश्य रहे। साथ ही वाहनों की फिटनेस सही हो और सभी वाहनों का इंश्योरेंस भी होना चाहिए। उन्होंने हर जिले में हितग्राहियों की मदद के लिये कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि सभी जिलों से हितग्राही के वाहन समय से पहुंच जाएं, जिससे हितग्राही सुविधाजनक तरीके और समय से निर्धारित स्थल तक पहुंच सकें और कार्यक्रम का सुव्यवस्थित ढंग से आयोजन हो सके।


