गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी जयपुर देशभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव के रंग में रंगने जा रही है। 25 जनवरी को एस.एम.एस. स्टेडियम स्थित अमर जवान ज्योति परिसर में राजस्थान पुलिस की ओर से भव्य बैंड और घुड़सवारी शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुरों की मधुरता और घोड़ों की टापों की गूंज देशप्रेम की भावना को नई ऊंचाई देगी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आर्म्ड बटालियन) रूपिंदर सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम रविवार शाम 4 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पुलिस की घुड़सवारी रहेगी आकर्षण शो में राजस्थान पुलिस का सेंट्रल बैंड, हाड़ी रानी महिला बटालियन का पाइप बैंड, आरएसी एवं जयपुर पुलिस आयुक्तालय का संयुक्त बैंड अपनी शानदार प्रस्तुतियां देगा। इसके साथ ही पुलिस के प्रशिक्षित घुड़सवार दस्ते द्वारा घुड़सवारी का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा। देशभक्ति धुनें और घोड़ों की सधी हुई चाल विशेष आकर्षण स्वर्ण पदक विजेता बैंड की देशभक्ति धुनें और घोड़ों की सधी हुई चाल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी। कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान पुलिस की परंपरा, अनुशासन और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में आमजन के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। इसके अलावा पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारी, गणमान्य नागरिक, पुलिस परिवार तथा सीएलजी सदस्य भी इस आयोजन में शामिल होंगे। राजस्थान पुलिस द्वारा आयोजित यह विशेष कार्यक्रम गणतंत्र दिवस से पूर्व नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पुलिस बल की कार्यकुशलता और सांस्कृतिक पहचान को भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत करेगा।


