भास्कर न्यूज |लुधियाना जहां एक ओर शहर में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच चुका था, वहीं दूसरी ओर तपती सड़कों पर नंगे पांव चलती संगत ने आस्था की ऐसी मिसाल पेश की जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में आयोजित जप तप समागम में दोपहर लाखों श्रद्धालुओं ने पहुंच कर न सिर्फ मत्था टेका, बल्कि शबद-कीर्तन और सेवा में भी भाग लेकर अपनी श्रद्धा का परिचय दिया। समागम की शुरुआत बीबी चरणदीप कौर द्वारा श्री जपुजी साहिब के पाठ से हुई, जिसके बाद श्री चोपाई साहिब और श्री सुखमणि साहिब का पाठ किया गया। इसके पश्चात स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं ने मिलकर भावविभोर कर देने वाला शबद धन-धन बाबा दीप सिंह जी तेरे चोपहरे ने साणु तारिया का गायन किया। आपे साजे, आपे रंगे, आपे नदर करें, साहिब मेरा नीत नवा सदा सदा दातार सभी संगत ने मिलकर शबद गायन किया। पूरा दरबार हाल और गुरुद्वारा परिसर के चारों ओर की सड़कें श्रद्धालुओं से खचाखच भरी हुई थीं। झुलसाती धूप में भी संगत नंगे पांव चलकर समागम स्थल तक पहुंची। वहीं, सेवा में जुटी संगत ने ठंडे पानी से सड़क पर पानी डालकर राहगीरों के लिए राह आसान की। हरविंदर कौर ने बताया कि वो हर समागम में अपने घर से पलाओ बनाकर लंगर के रूप में संगत को अर्पित करती हैं। मलकीत सिंह ने बताया कि देश के दूसरे राज्यों से आने वाली संगत के लिए उन्होंने लस्सी और छोले-भटूरे का इंतजाम किया। गुरुद्वारा कमेटी ने कड़ी-चावल का लंगर लगाया।


