भास्कर न्यूज | कवर्धा एथेनॉल प्लांट में तैयार अमानक खाद किसानों और समितियों को बेची गईं। आरोप है कि अमानक खाद के चलते किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। इसे लेकर एक दिन पहले भारतीय किसान संघ ने एथेनॉल प्लांट में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। समस्या को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गंभीरता से लिया है। कलेक्ट्रेट में बुधवार को हुई समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री शर्मा ने मुद्दे पर अचानक चर्चा छेड़ दी। उन्होंने एथेनॉल प्लांट की अमानक खाद से फसल नुकसान के मामलों की समीक्षा की। हालांकि, कृषि विभाग ने फसल नुकसान संबंधी कोई आंकड़ा पेश नहीं किया था। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों की फसलें खराब हुई हैं, उन्हें उपज के आधार पर नुकसान की भरपाई और खाद की कीमत दोनों मिलाकर राशि लौटाई जाए। उन्होंने दोषी कंपनी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक करीब 3 घंटे तक चली। राजस्व अभिलेख में त्रुटियों पर जताई नाराजगी: उपमुख्यमंत्री ने राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अभिलेख में हो रही त्रुटियों पर नाराजगी जताई। पूछा कि ये गलतियां कैसे और क्यों हुईं? उन्होंने निर्देश दिए कि हर त्रुटिपूर्ण प्रकरण की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट दी जाए, ताकि स्थायी समाधान हो सके। राजस्व प्रकरण लंबित न रहे। किसानों को मिले मुफ्त दस्तावेज देने पर जोर उन्होंने किसानों को बी-1, नक्शा और खसरा जैसे दस्तावेज मुफ्त देने की योजना बनाने और उसे लागू करने के निर्देश दिए। कहा कि ग्राम स्तर पर पटवारियों के माध्यम से ये दस्तावेज निशुल्क दिए जाएं। इसके लिए हर हल्का क्षेत्र में तिथि तय कर मुनादी की जाए। कलेक्टर को कार्ययोजना बनाकर तुरंत क्रियान्वयन करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि इससे राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और प्रशासन पर नागरिकों का विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी कागजी प्रक्रिया के लिए लोग परशान ना हों ध्यान रखें।


