पन्ना जिले के अमानगंज कस्बे में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। शुक्रवार को नए बस स्टैंड से साप्ताहिक बाजार तक सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीन से ढहाया गया। कार्रवाई में राजस्व, पुलिस और नगर पंचायत अमानगंज का अमला मौजूद रहा। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने खुद ही टीन शेड और अस्थायी ढांचे हटा लिए। प्रशासन की पूर्व चेतावनी और सख्ती का असर साफ दिखा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कानून व्यवस्था सामान्य बनी रही। यातायात जाम से मिलेगी मुक्ति अमानगंज के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के कारण अक्सर यातायात जाम की समस्या रहती थी। जाम की समस्या खत्म करने और नगर की व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। कार्रवाई से पहले सड़क के दोनों ओर चूना डालकर सीमांकन किया गया था और कब्जाधारियों को दो दिन का समय दिया गया था। दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कानूनी कार्रवाई अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने की मुहिम फिलहाल जारी रहेगी।


