भीलवाड़ा | अमित बोलिया स्पोर्ट्स एकेडमी का रविवार को उद्घाटन किया गया। विधायक लादूलाल पितलिया मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ इंडियन रेलवे कबड्डी टीम के अनुभवी कोच राणा प्रताप तिवारी तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सदस्य संकेत सेठी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एकेडमी का शुभारंभ किया। विधायक पितलिया ने कहा कि खेल मानसिक मजबूती, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। इंडियन रेलवे कबड्डी टीम के कोच राणा प्रताप तिवारी ने कहा कि खेलों में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, सही तकनीक और अनुशासन सबसे जरूरी है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सदस्य संकेत सेठी ने युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रहकर खेल गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी। एकेडमी के डायरेक्टर प्रकाश बोलिया, पवन बोलिया और पंकज बोलिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि एकेडमी में कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के लिए अनुभवी कोचों द्वारा नियमित अभ्यास कराया जाएगा। भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी भी कराई जाएगी। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।


