अमित शाह के खिलाफ NSUI ने खोला मोर्चा:राजस्थान यूनिवर्सिटी में NSUI कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, बोले- इस्तीफा दे गृहमंत्री

राजस्थान यूनिवर्सिटी में NSUI कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे NSUI कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का पुतला फूंक केंद्र सरकार से उनके इस्तीफा की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राजस्थान यूनिवर्सिटी से बाहर निकल जवाहरलाल नेहरू मार्ग को जाम करने की कोशिश की। जिन्हें खदेड़ते हुए पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। राजस्थान NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का अपमान कर रही है। सदन में देश के गृहमंत्री बाबा साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं। जिससे उनकी और उनकी पार्टी की सोच का पता चलता है। ऐसे में हम मांग करते हैं कि गृहमंत्री से इस्तीफा लिया जाए इसके साथ ही वह बाबा साहब के खिलाफ की गई टिप्पणी पर सार्वजनिक माफी मांगे। अगर केंद्र सरकार द्वारा ऐसा नहीं किया गया। तो NSUI के कार्यकर्ता प्रदेशभर में गृहमंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। NSUI के प्रदेश प्रवक्ता अमरदीप सिंह परिहार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संविधान को खत्म करने के साथ ही संविधान निर्माता के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणियां करवाई जा रही है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके खिलाफ ही आज राजस्थान यूनिवर्सिटी में भी हम विरोध कर रहे थे। लेकिन NSUI कार्यकर्ताओं को बेवजह हिरासत में लिया है। हम डरने वाले नहीं है, हम अपनी आखिरी सांस तक केंद्र की तानाशाह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहेंगे। चाहे इसके लिए हमें अपनी जान ही क्यों ना देनी पड़े। बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह संसद में अपने भाषण के दौरान डॉ बीआर अंबेडकर की विरासत पर बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजकल आंबेडकर का नाम लेना एक फ़ैशन बन गया है। उन्होंने कहा कि आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर… इतना नाम अगर भगवान का लेते। तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता। जिसको लेकर अब देशभर में विरोध शुरू हो गया है। हालांकि इस पूरे मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह भी अपनी सफाई पेश कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दिए गए बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *