अमित शाह बोले-भारत जल्द ही तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा:सुरक्षा बलों के त्याग-तपस्या से हम सुरक्षित हैं; ब्रह्मकुमारीज संस्थान में आकर शांति का अनुभव हुआ

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे कर देश पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। भारत जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। अमित शाह गुरुवार को आबूरोड (सिरोही) में ब्रह्मकुमारीज संस्थान पहुंचे थे। यहां उन्होंने ‘सिक्योरिटी फोर्सेज के कर्मचारियों के लिए आंतरिक जागृति के माध्यम से आत्म-सशक्तीकरण’ विषय पर संबोधन दिया। कार्यक्रम में शाह ने कहा- सुरक्षा बलों के त्याग और तपस्या के चलते ही हम सुरक्षित हैं। राज्यों की पुलिस कानून व्यवस्था और सुरक्षा प्रदान करती है। यह कार्य उनके लिए काफी तनावपूर्ण होता है। हिंसक परिस्थितियों से जूझने के समय उनका मन तनाव में रहता है। ऐसे में संस्थान की ओर से उनके मानसिक तनाव को दूर करने के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए मैं साधुवाद देता हूं। शाह बोले- यहां आकर शांति का अनुभव हुआ शाह ने कहा- दादा लेखराज कृपलानी जी ने संस्थान की स्थापना कर समाज को शांति का संदेश दिया। मैं उन्हें नमन करता हूं। मैंने बहुत सुना था कि यह संस्थान योग और ध्यान के माध्यम से विश्व में साधना का दीप प्रज्वलन करने का कार्य कर रहा है। एक अद्भुत शांति का अनुभव मुझे यहां मिला है। जीवन में गुरु मिलने पर सन्मार्ग पर चलने का रास्ता मिलता है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान को चलाने में मातृशक्ति का अहम योगदान है, जो हमारे लिए गौरव का विषय है। इससे पहले, ब्रह्मकुमारीज संस्थान पहुंचने पर गृहमंत्री शाह और सीएम भजनलाल शर्मा का इलायची की माला व राजस्थानी साफा पहनाकर स्वागत किया गया। शाह को सोमनाथ मंदिर की तस्वीर भी भेंट की गई। गृहमंत्री और मुख्यमंत्री ने संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी रतन मोहिनी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम बोले- शाह देश की सुरक्षा नीति के कुशल सारथी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- गृहमंत्री अमित शाह सशक्त भारत के निर्माण के लिए देश की सुरक्षा नीति के कुशल सारथी होने के साथ-साथ देश की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के भी संभागी हैं। उन्होंने कहा- गृहमंत्री ने देश की आंतरिक सुरक्षा, संवैधानिक सुधारों और राष्ट्रीय अखंडता को सशक्त करने वाले कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनकी प्रतीक्षा देश दशकों से कर रहा था। अनुच्छेद 370 का स्थायी समाधान करते हुए कश्मीर घाटी में शांति, नवाचार और प्रगति की नींव रखने वाला ऐतिहासिक कदम उठाया है। इससे कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद के मंसूबे परास्त हुए हैं। राजयोग से मिलती है मानसिक शांति
ब्रह्मकुमारीज की नवनियुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी ने कहा- जब हम ‘ओम शांति’ कहते हैं, तो हम स्वयं को एक शांत स्वरूप आत्मा के रूप में देखते हैं। इसी भाव से सभी को देखते हैं। उन्होंने कहा- यदि अपने ही मन में शांति नहीं है, तो कितनी भी कॉन्फ्रेंस कर लें या शांति की बात कर लें, कोई फायदा नहीं होगा। सबसे पहले हमें स्वयं के अंदर शांति लानी होगी। राजयोग मेडिटेशन से मानसिक शांति प्राप्त होती है। मेडिटेशन से मन, बुद्धि और संस्कार की एकाग्रता आती है। मेडिटेशन से ही आत्मा के सात गुण- ज्ञान, सुख, शांति, प्रेम, पवित्रता, शक्ति और आनंद मूल स्वरूप में आते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष संस्थान की ओर से देश-विदेश में ‘विश्व एकता और विश्वास हेतु राजयोग ध्यान’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस विधायक का आरोप-मुझे अमित शाह से मिलने से रोका
इधर, रेवदर से कांग्रेस विधायक मोतीराम कोली ने आरोप लगाया है कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में पुलिस ने मुझे गृहमंत्री से मिलने से रोक दिया। मैं उन्हें प्रदेश के लाखों गरीब और कमजोर परिवारों का करोड़ों रुपए हड़प करके बैठी आदर्श सोसाइटी से पैसे वापस दिलाने के लिए मांग पत्र देना चाहता था। मैंने एक दिन पहले ही प्रशासन को गृहमंत्री से मुलाकात के लिए अवगत करवा दिया था। विधायक ने कहा- सिरोही जिले का प्रशासन भाजपा नेताओं की कठपुतली बना बैठा है। एक जनप्रतिनिधि को केंद्रीय मंत्री से मिलने से रोकना इनकी तानाशाही है। हम जनता को पैसा दिलाना चाहते हैं, लेकिन भाजपा लोगों की आवाज को दबाना चाहती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *