अमृतसर की इन्फ्लुएंसर दीपिका को मिली पुलिस सुरक्षा:घर के बाहर मौजूद रहेंगे पुलिसकर्मी, अमृतपाल मेहरों-BKI ने दी थी जान से मारने की धमकी

पंजाब के अमृतसर में इन्फ्लुएंसर दीपिका लूथरा को जिला पुलिस ने सिक्योरिटी दे दी है। उसे सुरक्षा के लिए पुलिस ने दो गनमैन दिए है। पुलिस कर्मी 24 घंटे उसके घर के बाहर ही तैनात रहेंगे। धमकी के बाद दीपिका ने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की थी। दरअसल, डबल मीनिंग कंटेंट के कारण अमृतपाल मेंहरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। वहीं बबर खालसा इंटरनेशनल की तरफ से भी उसे धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है। दीपिका की शिकायत पर साइबर सेल थाना में पुलिस ने अमृतपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अमृतपाल पहले ही बठिंडा में लुधियाना की इन्फ्लुएंसर कंचन तिवारी उर्फ कमल कौर की हत्या करके उसका शव बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में उसी की कार में छोड़ दिया था। जिसके बाद आरोपी अमृतपाल UAE में भाग गया है। पुलिस उसे डिपोर्ट करवाने की तैयारी में जुट गई है। अमृतपाल ने अपने वीडियो में दीपिका लूथरा को जान से मारने की धमकी दी थी। उसने कहा था कि पार्किंग सिर्फ बठिंडा में ही नहीं है बल्कि हर शहर में है। उधर, दीपिका लूथरा का कहना है कि वह पहले डबल मीनिंग कंटेंट बनाती थी लेकिन जब अमृतपाल सिंह मेंहरों ने उसे चेतावनी दी तो उसने उससे माफी भी मांग ली थी। लेकिन वह अब फिर से उसे टारगेट कर रहा है। इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर दीपिका लूथरा से जुड़ी अहम बातें 5 साल से एक्टिव, इंस्टा पर ज्यादा फॉलोअर्स: दीपिका अमृतसर की रहने वाली हैं। 10वीं तक पढ़ाई करने वाली दीपिका मिडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। जिसमें उनके पिता, दादी, भाई और बहन हैं। वह पिछले 5 साल से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक्टिव है। मेहरों ने बुलाकर माफी मंगवाई थी: इसी साल मार्च के महीने में लूथरा को धमकी मिली थी। जिसके बाद लूथरा से अमृतपाल मेहरों ने माफी भी मंगवाई थी। इस माफी का एक वीडियो दीपिका ने 26 मार्च को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया था। दीपिका ने बताया कि अमृतपाल ने माफी वाला वीडियो डिलीट नहीं करने को कहा था, इसलिए मैंने अभी तक वो डिलीट नहीं किया है। डबल मीनिंग कंटेंट बंद कर चुकी: दीपिका का कहना है कि वह मुख्य रूप से फैशन, लाइफस्टाइल और पेड प्रमोशन से जुड़ा कंटेंट बनाती हैं। पहले वह सोशल मीडिया पर डबल मीनिंग कंटेंट पोस्ट करती थीं। लेकिन धमकियों के बाद उन्होंने इसे बदल दिया। अब वह साफ-सुथरा कंटेंट बनाती हैं। क्या किसी को मारना इतना आसान है: दीपिका ने धमकी को लेकर कहा- क्या मारना इतना आसान है कि हर किसी को मार दिया जाए। मेरे परिवार में पिता, दादी, छोटी बहन और भाई है। मेरी पूरी फैमिली को टेंशन है, मेरा पूरा परिवार आज काम पर नहीं गया। मैं पहले किसी के कहने पर डबल मीनिंग कंटेंट डालती थी, लेकिन अब मैं समझ गई हूं। मैं सिख परिवार से नहीं हूं। मेहरों जानबूझकर मेरे पीछे पड़ा है। मेहरों ने दीपिका लूथरा को क्या धमकी दी… अमृतपाल सिंह मेहरों ने दीपिका लूथरा को एक वीडियो मैसेज में सख्त चेतावनी दी। मेहरों ने कहा कि दीपिका अश्लील कंटेंट बनाना बंद करे, क्योंकि यह पंजाब के बच्चों पर बुरा असर डालता है। पार्किंग सिर्फ बठिंडा में नहीं, हर शहर में है और यह जरूरी नहीं कि डेडबॉडी मिले। बता दें कि जिस कमल कौर भाभी की हत्या का आरोप मेहरों पर लगा है, उसकी डेडबॉडी बठिंडा के अस्पताल की पार्किंग से मिली थी। मेहरों ने यह भी कहा कि दीपिका पहले माफी मांग चुकी है। मगर, वह फिर सोशल मीडिया पर अश्लील तस्वीरें डालने लगी। इसलिए हमने उसे दोबारा चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *