अमृतसर के चाटीविंड पुल के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। यह घटना उस समय हुई जब कार तारांवाला पुल की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार पहले एक मोटरसाइकिल से टकराई और फिर कई बार घूमते हुए नहर के किनारे जाकर पलट गई। गनीमत रही कि कार नहर में नहीं गिरी, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार मनदीप सिंह लगभग 20 फुट दूर जा गिरा। घायल मनदीप ने बताया कि वह अपनी एक्टिवा से जा रहा था, तभी पीछे से तेज धमाका हुआ। उसने हैंडल संभालने की कोशिश की, लेकिन कार की रफ्तार बहुत तेज थी। उसने कहा कि सिर पर पगड़ी होने की वजह से उसकी जान बच गई, हालांकि उसे सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। कार में सवार चार युवक हिरासत में, ओवरस्पीड और नशे की आशंका कार सवार युवकों का कहना है कि गाड़ी की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी, लेकिन मौके की स्थिति देखकर ओवरस्पीड की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने युवकों पर नशे में होने का शक भी जताया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि चारों युवकों को हिरासत में ले लिया गया है और चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


