अमृतसर में बीती रात रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज के नजदीक मोटरसाइकिल और एक्टिवा के बीच हुई भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जपनाम सिंह पुत्र निर्मल सिंह, निवासी अर्जन देव कॉलोनी, जंडियाला गुरु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जपनाम सिंह दो बहनों का इकलौता भाई था और उसकी शादी कुछ ही महीने पहले हुई थी। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि जपनाम सिंह को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की इस संबंध में चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि जपनाम सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रघुनाथ कॉलेज के पास तेज रफ्तार एक्टिवा से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं, जिनके चलते उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा लापरवाही से हुआ या किसी अन्य कारण से। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।


