पंजाब के अमृतसर में बाढ़ से तबाह हुए इलाकों में राहत और पुनर्वास के काम शुरू हो चुके हैं। राज्यसभा सांसद एवं पद्मश्री डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने रविवार को अजनाला ब्लॉक में बड़े पैमाने पर बाढ़ पुनर्वास और डीसिल्टिंग अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत 15 ट्रैक्टर और 5 जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। सबसे पहले कार्य की शुरुआत नंगल सोहल और महमत मंडीरा वाली गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों में की गई। यहां डीसिल्टिंग का काम तेजी से चलाया जा रहा है, ताकि खेतों और घरों से पानी व कीचड़ हटाकर लोगों को राहत दी जा सके। अरदास के बाद शुरू किया अभियान कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. साहनी ने गुरुद्वारा साहिब में अरदास कर प्रभावितों की भलाई की अरदास की। उन्होंने मौके पर बताया कि अजनाला क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव से करीब 40,000 हेक्टेयर फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई जगहों पर खेतों में आठ फुट तक पानी जमा रहा, जिससे गरीब किसानों की मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो गई। खेती योग्य जमीन होगी बहाल डॉ. साहनी ने कहा कि किसान और ग्रामीण इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और उन्हें हर संभव सहयोग की जरूरत है। सन फाउंडेशन की ओर से यह पहल केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में भी प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, पुनर्वास सहायता और खेती योग्य जमीन को बहाल करने में मदद दी जाएगी।


