केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी में कटौती के फैसले से आम जनता को बड़ी राहत मिली है। कई जरूरी वस्तुओं पर जीएसटी घटने के बाद बाजार में दामों में गिरावट देखी जा रही है। खासतौर पर पनीर और घी के दाम कम होने से घरेलू बजट पर कुछ हद तक राहत मिली है। पंजाब के अमृतसर में दूध और दही के दामों में अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ है। दूध व्यापारियों ने बताया कि अभी तक उन्हें वेरका या अमूल मिल्क प्लांट से ऐसा कोई आदेश नहीं मिला कि दूध के दाम घटाए जाएं। उनका कहना है कि फिलहाल केवल पनीर और घी के दाम कम किए गए हैं, जबकि दूध के दाम पहले जैसे ही रहेंगे। दुकानदारों ने सराहा दीपक ग्रोवर दुकानदार का कहना है कि सरकार का यह फैसला अच्छा है, लेकिन लोगों को इसकी सही जानकारी नहीं है। कई ग्राहक दुकानों पर आकर बहस कर रहे हैं कि दूध भी सस्ता होना चाहिए। दुकानदारों ने साफ किया है कि जब प्लांट से रेट घटाने का आदेश मिलेगा, तभी वे भी दाम कम करके ग्राहकों को राहत देंगे। इस फैसले से जहां एक ओर घरेलू खर्च में थोड़ी राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर दूध के दामों को लेकर नाराजगी अभी भी बनी हुई है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में सरकार और भी चीजों पर जीएसटी कम कर सकती है, ताकि महंगाई से जूझ रही आम जनता को पूरी तरह राहत मिल सके। पनीर के दाम 20 रुपए प्रति किलो तक कम नई दरों के तहत, घी की कीमत प्रति लीटर/किलोग्राम 30 से 35 रुपए तक सस्ती हो गई है, जबकि टेबल बटर की कीमत प्रति किलोग्राम 30 रुपए और अन-साल्टेड बटर की कीमत 35 रुपए प्रति किलोग्राम कम हुई। इसी तरह, प्रोसेस्ड चीज की कीमत में प्रति किलोग्राम 20 रुपए की कमी हुई और दूध (स्टैंडर्ड, टोंड और डबल टोंड) की कीमत प्रति लीटर 2 रुपए घटेगी। अन्य उत्पादों की कीमतों में भी कमी की गई है—जैसे आइसक्रीम (गैलन, ब्रिक और टब्स) में प्रति लीटर 10 रुपए और पनीर में प्रति किलोग्राम 15 रुपए की कमी होगी।


