अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के थाना घरिंडा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे एक विशेष ऑपरेशन के दौरान यह मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ संदिग्ध बदमाश छिपे हुए हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। एनकाउंटर के बाद थाना घरिंडा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ाई, अतिरिक्त तलाशी अभियान पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया, ताकि किसी अन्य आरोपी के छिपे होने की संभावना को पूरी तरह से खत्म किया जा सके। स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बदमाश किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और उनके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ तो नहीं है। पुलिस जांच में जुटी, गिरोह का पता लगाया जा रहा इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अमृतसर ग्रामीण के डीआईजी संदीप गोयल कुछ ही समय में आधिकारिक जानकारी साझा करेंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच जारी है और आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


