अमृतसर जिले में ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हल्का राजासांसी के गांव भगुपुर बेठ में नशा तस्कर मलूक सिंह बेटे जोगिंदर सिंह के मकान को जेसीबी से गिरा दिया। ये मकान सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाया गया था। इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी आदित्य वॉरियर ने किया। एसपी वॉरियर ने बताया कि गांववासियों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मलूक सिंह और उसके बेटे सतबीर सिंह उर्फ सोनू और रंजीत सिंह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त हैं। इनके खिलाफ अब तक NDPS एक्ट के तहत कुल 24 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया एसपी आदित्य ने बताया कि उक्त परिवार ने गांव की छप्पड़ (जल स्रोत) की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान निर्माण कर लिया था। ग्रामीणों ने इस संबंध में BDPO कार्यालय को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर BDPO ने जांच कर रिपोर्ट पुलिस प्रशासन को सौंपी और मकान गिराने की सिफारिश की। रिपोर्ट के आधार पर आज पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कब्जे वाली जमीन को पंचायत को सौंप दिया और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। दोनों नशा तस्कर फरार एसपी ने जानकारी दी कि मलूक सिंह और उसके दोनों बेटे फिलहाल फरार हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह परिवार पिछले 7-8 वर्षों से नशे के धंधे में लिप्त है और गांव के युवाओं को नशे की लत लगाकर अवैध कमाई कर रहा था। एसपी ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील पुलिस की ओर से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशे की काली कमाई से बनाई गई संपत्ति किसी भी हालत में नहीं छोड़ी जाएगी, चाहे वह मकान हो या जमीन। गांववासियों ने पुलिस और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि यह कार्रवाई अन्य नशा तस्करों और गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के लिए कड़ा संदेश है। एसपी वॉरियर ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और ईमानदारी से मेहनत करके अपना जीवन संवारें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।


