पंजाब के अमृतसर में काउंटर इंटेलिजेंस को एक बड़ी सफलता मिली है। टीम ने पाकिस्तान से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 5 किलो हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई सीमा पार सक्रिय गैंग्स के खिलाफ पंजाब पुलिस के लगातार अभियान का अहम हिस्सा मानी जा रही है। पंजाब के DGP गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सीधे एक पाक-आधारित हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहा था। उसने यह खेप सीमा पार से उठाई थी, जहां इसे पहले से तय स्थान पर ड्रॉप किया गया था। उन्होंने कहा कि हैंडलर अपने नेटवर्क को वाट्सएप और इंटरनेट कॉल्स के जरिए लोकेशन व निर्देश भेजता था, ताकि पूरा तस्करी तंत्र गुप्त रूप से चलता रहे। डिजिटल सबूतों की जांच जारी DGP यादव ने कहा कि आरोपी से मिले फोन डेटा और चैट रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, जिससे बैकवर्ड तथा फॉरवर्ड लिंक खोजे जा सकें। कहा हमारा लक्ष्य पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है। इस मामले में NDPS एक्ट के तहत PS SSOC, अमृतसर में FIR दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि खेप को आगे किस सप्लायर या डिस्ट्रीब्यूटर तक पहुंचाया जाना था। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस DGP गौरव यादव ने साफ कहा पंजाब पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। राज्य को ड्रग-फ्री बनाना हमारी शीर्ष प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में ऐसे सिंडिकेट्स के खिलाफ और भी लक्ष्य आधारित अभियान चलाए जाएंगे।


