अमृतसर में अवैध कटर्स बने हादसों की वजह, प्रशासन मौन:इंजीनियर पवन शर्मा ने उठाई आवाज, सड़कों पर खड़े होकर किया विरोध प्रदर्शन

अमृतसर,शहर की ट्रैफिक व्यवस्था इन दिनों बुरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह पर बनाए गए अवैध कटर्स और अव्यवस्थित मार्गों के कारण सड़कों पर रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी नाराज़गी है। कई इलाकों में लोगों ने खुद डिवाइडर तोड़कर रास्ते बना लिए हैं, जिससे यातायात नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं और आम जनता की जान खतरे में पड़ गई है। इंजीनियर पवन शर्मा, जो अमृतसर के निवासी हैं, ने इस समस्या पर कड़ा विरोध जताया। वे पोस्टर लेकर लॉरेंस रोड पर खड़े हुए ताकि प्रशासन की आंखें खुल सकें। उन्होंने कहा, “मैं खुद इस शहर का नागरिक हूं और रोज़ इन खतरनाक हालातों को देख रहा हूं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह समस्या और भी जानलेवा हो सकती है।” पवन शर्मा ने बताया कि शहर के कई इलाकों में ऐसे अवैध कटर्स हैं, जहां न कोई ट्रैफिक पुलिस की निगरानी है, न ही कोई संकेतक। वहीं जरूरतमंद स्थानों — जैसे स्कूलों, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले चौराहों – पर सुरक्षित और चिह्नित कटर्स नहीं बनाए गए हैं। इसके चलते ना सिर्फ दुर्घटनाएं हो रही हैं, बल्कि आपात स्थिति में एम्बुलेंस व सुरक्षा बलों को भी समय पर पहुंचने में कठिनाई होती है। भारत में सड़क नेटवर्क का विस्तार तो हुआ है, लेकिन प्रत्येक 3 मिनट में एक जान सड़क दुर्घटना की भेंट चढ़ जाती है। ऐसे में अवैध कटर्स जैसी लापरवाहियां हालात को और भी गंभीर बना रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *