अमृतसर के भीड़भाड़ वाले इलाके कंपनी बाग के अंदर स्थित एक दुकान को चोरों ने चौथी बार अपना निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से खाने-पीने का सभी सामान चोरी कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुकान मालिक तुषार शर्मा ने बताया कि चौथी बार उनकी दुकान को निशाना बनाया गया है। दुकान कंपनी बाग के अंदर मौजूद है और सारा दिन भीड़ रहती है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी चोरी हुई थी। दुकानदार ने बताया कि वह कल रात को ही 25000 रुपए का सामान लेकर और थे और आज सुबह सुबह चोरों ने दुकान को निशाना बना लिया। तुषार ने बताया कि चोर दुकान की टीन की छत को फाड़कर अंदर घुसे और सारा सामान लेकर दरवाजे से बाहर ताला तोड़कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोर करीब पचास हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। कंपनी बाग के बाहर बैठे रहते हैं असमाजिक तत्व वहीं, कंपनी बाग में रोजाना आने वाले राकेश शर्मा ने बताया कि इस एरिया में सारे शहर के लोग सैर करने आते हैं और सिक्योरिटी भी है। लेकिन बाग के बाहर ही असामाजिक तत्व बैठे रहते हैं। जो यहीं खाना बनाते हैं और फिर यहीं बैठकर शराब पीते हैं। और फिर वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़ा जाए ताकि लोगों के जान माल की सुरक्षा हो सके। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं है। उन्होंने सारी निशानदेही कर ली है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


