श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व को लेकर अमृतसर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने आज सचखंड श्री हरिमंदर साहिब से लड्डू बांटकर संगत को न्योता दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरु रामदास जी ने अमृतसर को आध्यात्मिक और सामाजिक केंद्र के रूप में बसाया और मानवता को सेवा, नम्रता और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रामदास जी ने जब जा नगर को बसाया था तो कई कित्ता मुखियों को न्योता दिया था और नगर में बसाया था। इसीलिए जब भी प्रकाश पर्व होता है तो इन लोगों को आमंत्रण भेजा जाता है। आस पास के इलाकों में दुकानदारों को ओर काम करने वालों को लड्डू बांटकर न्योता दिया जाता है। 8 अक्टूबर को प्रकाश पर्व एडवोकेट धामी ने संगत को 8 अक्टूबर को होने वाले प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि आने वाले दिनों में नगर कीर्तन, अखंड पाठ साहिब और विशेष धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। 7 अक्टूबर को भव्य नगर कीर्तन श्री दरबार साहिब से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरेगा, जिसमें भारी संख्या में संगत शामिल होगी। SGPC की ओर से कहा गया कि इस अवसर पर नामी रागी जत्थे कीर्तन करेंगे और संगत के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन से मिलकर यातायात और सड़कों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। एडवोकेट धामी ने बताया कि धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं को भी कार्यक्रमों में शामिल होने का न्यौता दिया गया है। उन्होंने कहा कि बांटे जा रहे लड्डू सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि गुरु साहिब के प्रकाश पर्व की खुशी साझा करने का प्रतीक हैं।


